प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे पड़ाव में सरपंच और वार्ड पंच चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सिलसिला पूरा हो गया है। शुक्रवार सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय था और अब नामांकन पत्रों की जांच हुई। इसके बाद अब ग्राम पंचायत में कितने कितने उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं, इसकी लिस्ट चस्पा की जाएगी। उधर, पूगल पंचायत समिति की नव सृजित ग्राम पंचायत पार्वती तलाई में सरपंच सहित सभी सात वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हो गए। दरअसल, यहां जितने पद है, उन सभी पर एक-एक आवेदन ही आया है। महेंद्र सिंह भाटी पार्वती तलाई के पहले निर्विरोध सरपंच होंगे। यह पंचायत डेली तलाई से अलग होकर बनी है। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से यह फैसला लिया, जिससे चुनाव कराने की जरूरत नहीं पड़ी। बीकानेर के खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रुणिया की ग्राम पंचायतों में नामांकन दाखिल होने के बाद 2 बजे तक नाम वापसी का समय दिया गया। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित हुए। तीन बजे फाइनल सूची चस्पा कर दी जाएगी। ये सभी कार्रवाई बीकानेर की सभी 112 ग्राम पंचायतों के मुख्यालय पर होगी। कल सुबह सात बजे से इन ग्राम पंचायतों में मतदान का सिलसिला शुरू होगा। शाम को मतदान समाप्त होने के साथ ही मतगणना शुरू हो जाएगी। वहीं, ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले 28 कर्मचारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने नोटिस जारी किया है। इन कर्मचारियों को 3 दिन के भीतर जवाब देना होगा। इन 28 कर्मचारियों को दिया नोटिस विकास, राकेश कुमार मीणा, लीलाधर, बालनाथ, सहीराम सारण, महेश सोलंकी, महावीर बाना, रामनिवास भुंवाल, सुरेन्द्र सिंह, राज कुमार, गोपालदान, सौरभ बंसल, नंद किशोर उपाध्याय, जितेंद्र सिंह, चंद्रभान, संजीव पंवार, लक्ष्मी नारायण मारू, माणक चंद सुथार, श्रीचंद परिहार, ओम प्रकाश चारण, फिरोज, रामनिवास, हरेंद्र सिंह बिट्ठू, सहजानंद उपाध्याय, नवरतन जोशी, रामचन्द्र, गिरिराज, भवानी शंकर किराड़ू को नोटिस जारी कर 3 दिन के अंदर-अंदर जवाब मांगा हैं।