बीकानेर में पंचायत राज आम चुनाव-2026 के पहले चरण में गुरुवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। इसके लिए जिले में 319 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में पूगल, छत्तरगढ़, खाजूवाला और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद के 8 और पंचायत समितियों के 60 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही 112 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। 319 मतदान केंद्रों पर तैनात किए 319 मतदान दल मतदान करवाने के लिए 319 मतदान दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में एक रिटर्निंग अधिकारी, एक पीठासीन अधिकारी (PRO) और चार मतदान अधिकारी (PO) सहित कुल छह कार्मिक शामिल हैं। सभी मतदान दल बुधवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय से द्वितीय प्रशिक्षण लेने के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। तीन दिन में होंगे पंच-सरपंच और उप सरपंच के चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। वहीं, 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव ईवीएम से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए मतपत्रों का इस्तेमाल होगा। पहले चरण की निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान, मतगणना और उप सरपंच के चुनाव के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर निशांत जैन ने निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार प्रबंध करने के निर्देश भी दिए हैं।