बीकानेर की नयाशहर पुलिस ने गोदाम में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार परिवादी जयप्रकाश निवासी अंत्योदय नगर ने 3 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके पुष्पा भवन के पीछे स्थित गोदाम से अज्ञात बदमाश शटर के ताले तोड़कर तीन गैस सिलेंडर, दो बड़ी एल्युमिनियम परात, तीन बड़ी टोकरियां, लोहे के 20 खांचे, तेल का पीपा, घी का पीपा सहित करीब 34 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। इस पर नयाशहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बीकानेर वृताधिकारी नगर के सुपरविजन में थानाधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रेमकुमार उर्फ प्रेमरतन उर्फ डकणिया, तालिब उर्फ धोतिया, पुष्पराज और गौरीशंकर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। मामले की जांच हंसराज उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है। ये रहे टीम में शामिल इस कार्रवाई में थानाधिकारी रोहित चौधरी, हंसराज उप निरीक्षक, राजेन्द्र कुमार, श्यामलाल, हेमराज, रामकिशन, रवि कुमार और विकास की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।