बीकानेर में पति ने पत्नी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मर्डर के दो घंटे बाद आरोपी थाने पहुंचा और सरेंडर कर बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। घटना खाजूवाला में गुरुवार दोपहर 1:15 बजे 9 DWD गांव की है। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर शव मिला है। 8 DWM थाना दंतौर निवासी हरप्रीत सिंह (25) ने पत्नी जसवीर कौर (35) की गला दबाकर हत्या की है। आरोपी ने बताया कि पत्नी का शव चक 9 DWD के पास एक खेत में पड़ा है। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से सबूत जुटाए। अधिकारी बैठक में थे, सूचना मिलते ही लौटे घटना के समय ​डीएसपी अमरजीत चावला और थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत बीकानेर में महानिदेशक पुलिस की संभाग स्तरीय बैठक में गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में आपसी विवाद के चलते ही पति के पत्नी की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में हरप्रीत ने बताया कि सुबह उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।