जैसलमेर में शनिवार को सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे एक ट्यूबवेल की कंटीली तारबंदी में जा घुसी। इसके बाद दोनों ने लहूलुहान हालत में मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना झिझनियाली थाना क्षेत्र के निंबली फाटा पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। मजदूरी कर घर लौट रहे थे झिझनियाली थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र के रेडाणा निवासी चंदा राम (25) पुत्र भूरा राम मेघवाल और कंवराराम (25) पुत्र पद्मा राम मेघवाल काम के सिलसिले में झिझनियाली आए हुए थे। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों बाइक पर वापस अपने गांव रेडाणा लौट रहे थे। निंबली फाटा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक स्लिप हो गई और बेकाबू होकर ट्यूबवैल की फेंसिंग (तारबंदी) में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक आपस में रिश्तेदार थे। दोनों ही मजदूर थे। मौके से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। झिझनियाली CHC में शवों का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए। इस बीच गांव में युवकों की मौत की सूचना मिलते ही मातम पसर गया।