बांसवाड़ा। क्षेत्र में पेयजल संकट और रोजगार के मुद्दे को लेकर दैनिक भास्कर ने रविवार को खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद ग्राम पंचायत बिलोदा में सीईओ के निर्देश पर सोमवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की मौजूदगी में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ग्रामीणों ने गर्मी के मौसम में पेयजल संकट, हैंडपंपों की खराब स्थिति और जल स्रोतों के अभाव की समस्याओं को खुलकर सामने रखा। इसके साथ ही मनरेगा के तहत अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार किया। स्थानीय निवासी नागेंद्र पटेल ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से पेयजल आपूर्ति में सुधार, नए जल स्रोत विकसित करने, खराब हैंडपंपों की मरम्मत का विशेष प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए जिला परिषद को भिजवाना सुनिश्चित किया गया है।