पंचायत राज चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन कर चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रत्याशियों के जनाधार, क्षेत्र में पकड़, संगठन के प्रति सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय जैसे पहलुओं पर चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने पार्टी की रीति-नीति और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव में संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी नेताओं ने चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर तैयारियां मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिला प्रभारी रामानंद गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी और जिला महामंत्री विष्णु शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।