डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर ब्रजनगर विधानसभा क्षेत्र के गुहाना गांव में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां भाजपा नेता सतबीर सिंह कसाना ने बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा बड़ी संख्या में मौजूद थे। अनावरण के बाद सतबीर सिंह कसाना ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की दिशा में नई राह दिखाई। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। कसाना ने आगे कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। इससे आज हर वर्ग को अपने अधिकारों की रक्षा करने का अवसर मिला है। उन्होंने लोगों से अंबेडकर के विचारों को अपनाकर समाज में भाईचारा, समानता और शिक्षा का प्रसार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाज सेवा के संदेश के साथ हुआ।