जयपुर में भाजपा नेता से रोहित गोदारा गैंग ने 5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी। रोहित के गुर्गे नवीन बॉक्सर ने इंटरनेशनल नंबर से 4 वॉइस नोट और 9 वॉट्सऐप कॉल करके धमकी दी। कहा- वहम निकाल लेना, इतनी गोली मारूंगा, समझ नहीं आएगी। 20 दिन पहले भी रोहित गोदारा गैंग के वीरेंद्र चारण ने 5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी थी, पैसे नहीं देने पर भाजपा नेता और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।BJP नेता विजय सिंह पलाड़ा 12 अप्रैल को बनीपार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया- बनीपार्क के घीया मार्ग निवासी विजय सिंह पलाड़ा ने रविवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई। पलाड़ा बीजेपी में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और नागौर के देहात जिला उपाध्यक्ष हैं। पलाड़ा ने बताया- 13 फरवरी, 14 फरवरी और 16 फरवरी को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग व वीरेंद्र चारण गैंग और राहुल फतेहपुर ने धमकी दी। इसके बाद 22 मार्च को वीरेंद्र चारण के नाम से रंगदारी मांगी गई थी। नवीन बॉक्सर के नाम से धमकी मिली पलाड़ा ने बताया-12 अप्रैल को इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से गैंगस्टर नवीन बॉक्सर के नाम से 9 वॉट्सऐप कॉल और 4 वॉइस नोट आए। फोन रिसीव नहीं करने पर गैंगस्टर नवीन बॉक्सर ने वॉइस नोट में 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। रुपए नहीं देने पर मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। गाली-गलौज करते हुए सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की तरह हालत करने की धमकी दी। पलाड़ा ने कहा- बदमाश ने धमकी दी कि रुपए नहीं दिए तो जिस मंत्री-एमएलए के पास जाना है, चले जाना। ये जो तू गार्ड लिए फिरता है, वो हमने औंधे मार रखे हैं। तेरे कोई वहम हो तो निकाल देना। कॉल्स नहीं उठाने पर गैंगस्टर नवीन बॉक्सर ने खुद को हरियाणा का बताते हुए धमकाया- वहम निकाल लेना, इतनी गोली मारूंगा समझ नहीं आएगी। गोलियों से भूनने की धमकी दी।