भास्कर न्यूज | बाड़मेर वीरातरा धाम चौहटन में 9 और 10 मई को भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग होगा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेशसिंह इन्दा ने बताया कि दो दिवसीय वर्ग 9 मई को सुबह 9 बजे वीरातरा धाम चौहटन धर्मशाला में शुरू होगा। वर्ग 10 मई को शाम 5 बजे तक चलेगा। प्रशिक्षण वर्ग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई के नेतृत्व में वीरातरा धाम चौहटन में बैठक हुई। बैठक में प्रशिक्षण वर्ग की योजना पर चर्चा हुई। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बांटी गई। इन्दा ने बताया कि जिला प्रशिक्षण के लिए जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, विधायक, पूर्व विधायक, प्रत्याशी, जिला मोर्चा अध्यक्ष और महामंत्री, मंडल अध्यक्ष और महामंत्री, मंडल प्रभारी, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, प्रकोष्ठ और मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी जो जिले में रहते हैं, राष्ट्रीय समिति और प्रदेश समिति के जिले में रहने वाले सदस्य अपेक्षित हैं। जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने बताया कि महाअभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग का लक्ष्य कार्यकर्ताओं का वैचारिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण करना है। बैठक में जिला महामंत्री देवीलाल कुमावत, सोशल संयोजक दिनेश विश्नोई, चौहटन मंडल अध्यक्ष जेठमालसिंह, मांगीलाल बोथरा आदि मौजूद रहे।