भास्कर न्यूज | टोंक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित टोंक दौरे को लेकर जहां एक ओर भाजपा संगठन पूरी ताकत से तैयारियों में जुटा है, वहीं प्रशासन भी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय हो गया है। कलेक्टर टीना डाबी, एडीएम रामरतन सौकरिया और नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट ने संभावित सभा स्थल व भाजपा कार्यालय तक के मार्ग का निरीक्षण किया। जहां कलेक्टर ने अधिकारियों को जरुरी दिशा-निर्देश देते हुए यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। दूसरी तरफ भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने जिला कार्यालय पर आईटी, सोशल मीडिया एवं मीडिया टीम की बैठक लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें। मीडिया टीम को भी हर गतिविधि को प्रभावी ढंग से कवर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के पदाधिकारियों की बैठक में जिलाध्यक्ष ने प्रस्तावित दौरे, भाजपा कार्यालय के उद्घाटन व कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर रणनीति बनाई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी रहेगी। जिलाध्यक्ष ने सभा में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि नया भाजपा कार्यालय संगठन की मजबूती का केंद्र बनेगा और कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा देगा। बैठकों में विभिन्न प्रकोष्ठों, आईटी, सोशल मीडिया, मीडिया व मंडल स्तर पर समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक बेहतर बनाया जा सके। वरिष्ठ भाजपा नेताओं की बैठक : 27 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की भी बैठक आयोजित हुई। जिसमे कार्यालय उद्घाटन, कार्यकर्ता सम्मेलन की रूपरेखा, कार्यक्रम स्थल, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर चर्चा की गई। बैठक में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल जैन, गणेश माहुर, राजेंद्र पराणा, दीपक संगत, रतनलाल चौधरी, ओम प्रकाश पांडे आदि नेताओं ने आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।