राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वनस्थली में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर की ओर से सत्र 2026-27 के लिए होने वाली सृजनात्मक प्रतियोगिताओं की तैयारी शुरू हो गई है। प्रतियोगिताओं में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। उद्देश्य रचनात्मकता, ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना है। प्रधानाचार्य देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि निबंध, आशुभाषण, क्विज, चित्रकला, एकल गीत की पांच प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताएं ब्लॉक, जिला, राज्य स्तर पर होंगी। ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 24 अक्टूबर तक होंगी। जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 2 से 4 नवंबर तक होंगी। राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं 19 से 21 जनवरी 2027 तक अजमेर में होंगी। प्रभारी संपत्ति मीणा ने बताया कि स्कूल स्तर पर हर प्रतियोगिता के लिए एक विद्यार्थी चुना जाएगा। चुने गए विद्यार्थी ब्लॉक स्तर पर स्कूल का प्रतिनिधित्व करेंगे। विषयों में राजस्थान का इतिहास, संस्कृति, भाषा, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, संविधान सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर 750 रुपए, द्वितीय स्थान पर 600 रुपए, तृतीय स्थान पर 500 रुपए प्रतिमाह की छात्रवृत्ति 10 माह तक दी जाएगी। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 11 हजार रुपए तक का नकद पुरस्कार मिलेगा। आयोजन संयोजक सुनील कुमार शर्मा के निर्देशन में हो रहा है।