बूंदी के हिण्डौली क्षेत्र स्थित रेण फार्म के निकट पार्श्वनाथ गिरी जैन अतिशय क्षेत्र नवग्रह जैन मंदिर में 23 अप्रैल से पंच कल्याणक महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव 27 अप्रैल तक चलेगा। आचार्य ज्ञान भूषण की शिष्या सुविवेकमति माता के दशक भर के अथक प्रयासों के बाद यह क्षेत्र विकसित हुआ है। इस स्थल का प्रमुख आकर्षण अरावली की पहाड़ी पर स्थापित नवग्रह की 9 विशाल प्रतिमाएं हैं। इनमें भगवान पार्श्वनाथ, आदिनाथ, शांतिनाथ, पदम प्रभु, महावीर स्वामी, वासु पूज्या, मुनि सूरत नाथ, नेमिनाथ और मल्लिनाथ की खड्गासन प्रतिमाएं शामिल हैं, जो दूर से ही दिखाई देती हैं। कई राज्यों के श्रद्धालु होंगे शामिल पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव में सोनीपत, हरियाणा के महापौर राजीव जैन और पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी विशिष्ट अतिथि होंगे। इस आयोजन में दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। 5 लाख पौधे लगाए इसी क्रम में रेण फार्म पर पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, नैनवां के पूर्व प्रधान पदम नागर और धाकड़ समाज के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश धाकड़ ने जैन समाज की इस पवित्र साधना स्थली पर 5 लाख उच्च गुणवत्ता वाले पौधे लगाए हैं। इस पौधारोपण का उद्देश्य धार्मिक स्थल के सौंदर्य को बढ़ाना और अधिक श्रद्धालुओं को आकर्षित करना है। कई विकास कार्य करवाए गए पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने बताया कि ये पौधे क्षेत्र के दृश्य को सुंदर बनाएंगे। उन्होंने इस साधना स्थली को निखारने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य सरकार से विभिन्न मदों के तहत उन्होंने 20 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण, 5 लाख रुपए की टंकी व बोरिंग निर्माण, 5 लाख रुपए की लागत से बगीचे का निर्माण, 5 लाख रुपए की हरियाली और साढ़े तीन लाख रुपए की स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध करवाई हैं। इन सभी कार्यों ने सुविवेक साधना स्थली को विकसित करने में सहयोग किया है।