एलपीजी आपूर्ति पर दबाव के बीच केंद्र सरकार के निर्देश पर पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत बीपीसीएल गैस ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फाजिल्का गैस वितरण क्षेत्रों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद कनेक्शन नहीं लेने वाले 15 उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं। कंपनी ने अंतिम नोटिस जारी करने के बाद यह कार्रवाई की। ब्लॉक किए गए कनेक्शन से उपभोक्ता अगला एलपीजी रिफिल बुक नहीं कर सकेंगे। वहीं, पीएनजी ड्राइव 3.0 के तहत उपभोक्ताओं को रियायती प्रक्रिया से कनेक्शन लेने का अवसर दिया जा रहा है। पीएनजी सुविधा वाले क्षेत्रों में कनेक्शन लेना जरूरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के मुताबिक, जिन इलाकों में घरेलू पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन अपनाने के लिए कहा जा रहा है। बीपीसीएल गैस इन तीनों गैस वितरण क्षेत्रों में नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपने क्षेत्र में पीएनजी की उपलब्धता की जानकारी लेने और सुविधा होने पर कनेक्शन के लिए आवेदन करने की अपील की है। 750 रुपए देकर ले सकेंगे पीएनजी कनेक्शन मंत्रालय की पीएनजी ड्राइव 3.0 के तहत बीपीसीएल गैस विशेष सुविधा दे रही है। यह योजना 1 अक्टूबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। इसके तहत उपभोक्ता 750 रुपए प्रोसेसिंग फीस और लागू जीएसटी देकर पीएनजी कनेक्शन ले सकते हैं। इसके अलावा, कनेक्शन के लिए रोजाना 1 रुपए शुल्क देना होगा। योजना के तहत अगले तीन गैस बिलों में हर बार 250 रुपए की राशि वापस मिलेगी। इस तरह निर्धारित शर्तें पूरी होने पर जमा किए गए 750 रुपए वापस मिल सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस योजना से पहले पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए करीब 6,000 रुपए खर्च करने पड़ते थे। हनुमानगढ़ में 1000 से अधिक सक्रिय उपभोक्ता कंपनी के अनुसार, हनुमानगढ़ में 1,000 से अधिक सक्रिय पीएनजी उपभोक्ता हैं। दोनों शहरों में कुल 3,200 से अधिक उपभोक्ता 24 घंटे पीएनजी का इस्तेमाल कर रहे हैं। नेटवर्क के संचालन और रखरखाव के लिए कंपनी की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहती है। पीएनजी सुविधा से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। इन कॉलोनियों में चालू है पीएनजी सुविधा बीपीसीएल गैस की क्षेत्रवार जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ की हाउसिंग बोर्ड और न्यू सिविल लाइंस में पीएनजी सुविधा चालू है। वहीं, सेक्टर-6, सुरेशिया, सेक्टर-12, आईटीआई कॉलोनी, गांधी नगर, मेडिकल कॉलोनी, बाबा श्याम सिंह कॉलोनी और सिंधी कॉलोनी में सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। मंत्रालय के राजपत्र आदेशों में प्रावधान स्पष्ट पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत 24 मार्च 2026 और 25 मई 2026 को पीएनजी नेटवर्क के विस्तार और एलपीजी आपूर्ति से संबंधित आदेश जारी किए। इनका उद्देश्य प्राकृतिक गैस की पाइपलाइनों के निर्माण, संचालन और विस्तार को सुगम बनाना है। संबंधित प्रावधानों के अनुसार, जिन परिवारों के लिए घरेलू पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, उन्हें कनेक्शन अपनाने के लिए आवेदन करना चाहिए और लागू नियमों के तहत एलपीजी कनेक्शन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। निर्धारित प्रावधानों के अधीन एलपीजी आपूर्ति बंद की जा सकती है। पीएनजी कनेक्शन के लिए यहां करें संपर्क बीपीसीएल गैस ने हनुमानगढ़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं से पीएनजी की उपलब्धता की जानकारी लेकर कनेक्शन के लिए आवेदन करने की अपील की है। इसके लिए उपभोक्ता 9216022663 पर संपर्क कर सकते हैं। कंपनी के कार्यालय का समय सोमवार से शनिवार सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक है। कंपनी के मुताबिक, पीएनजी की 24 घंटे आपूर्ति और रखरखाव व्यवस्था उपभोक्ताओं को निरंतर सेवा उपलब्ध कराने में मदद करती है। उपभोक्ताओं से अपने क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध होने पर इसका लाभ उठाने की अपील की गई है।