संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नादेंडला भास्कर राव का बुधवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। भास्कर राव 1984 में थोड़े समय के लिए आंध्र प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री रहे थे। वे 1998 में कांग्रेस टिकट पर लोकसभा सांसद बने थे। वे 6 जुलाई 2019 को भाजपा में शामिल हुए थे। उनके बेटे नादेंडला मनोहर विधायक हैं और आंध्र की चंद्रबाबू नायडू सरकार में मंत्री हैं । तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने उनके निधन पर शोक जताया है और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने भी भास्कर राव के निधन पर दुख व्यक्त किया। आज की अन्य बड़ी खबरें… कर्नाटक में होमस्टे में अमेरिकी महिला से रेप, स्टाफ और मालिक गिरफ्तार कर्नाटक के कोडागु जिले के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में अमेरिकी महिला के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना करीब एक हफ्ते पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार, होमस्टे में काम करने वाले एक स्टाफ को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी झारखंड का रहने वाला है। पुलिस ने होमस्टे के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और रेप किया। जब उसने होमस्टे मालिक से शिकायत की, तो उसने मामला दबाने की कोशिश की। होमस्टे मालिक ने तीन दिनों तक वाई-फाई सेवा बंद कर दी, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सकी। बाद में इंटरनेट सेवा मिलने पर वह मैसूर जाने के बहाने वहां से निकल गई। इसके बाद उसने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास और पुलिस से संपर्क किया। महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रितेश और जेनेलिया देशमुख MSRTC के ब्रांड एंबेसडर बने, सड़क सुरक्षा जागरूकता पर करेंगे काम बॅालीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। दोनों अगले पांच साल तक एंबेसडर बने रहेंगे। वे सड़क सुरक्षा, यात्रियों को जागरुक करेंगे। इसके अलावा सामाजिक संदेशों से जुड़े अभियानों में हिस्सा लेंगे। MSRTC देश की सबसे बड़ी सड़क परिवहन संस्था है, जिसके पास 16 हजार से ज्यादा बसें हैं और करीब 86 हजार कर्मचारी काम करते हैं। हर दिन 55 लाख से ज्यादा लोग बसों से सफर करते हैं। मालेगांव ब्लास्ट केस में 4 आरोपी बरी, हाईकोर्ट ने विशेष अदालत के फैसले को पलटा बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को मालेगांव ब्लास्ट मामले में 4 आरोपियों को बरी कर दिया। मामला 8 सितंबर 2006 का है। नासिक जिले के मालेगांव कस्बे में 4 बम धमाकों में 31 की मौत हुई थी, जबकि 312 लोग घायल हुए थे।
एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पिछले साल सितंबर में विशेष अदालत ने इनके खिलाफ आरोप तय किए थे। चारों ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी।
हाईकोर्ट के जस्टिस चंद्रशेखर और जस्टिस श्याम चंदक की बेंच ने लोअर कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। इन चारों पर भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे। NIA ने CRPF कैंप हमले के आरोपी के घर जब्त किए, 2017 के हमले से जुड़ा मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में CRPF कैंप पर हमले में शामिल आरोपी के 2 घर जब्त कर लिए। एजेंसी की टीम ने लेथपोरा इलाके में फैयाज अहमद मग्रे के दो मंजिला और एक मंजिला मकान को कब्जे में लिया। फैयाज 2017 में लेथपोरा स्थित CRPF ट्रेनिंग केंद्र पर हुए फिदायीन हमले का आरोपी है। हमले में 5 CRPF जवान शहीद हो गए थे। हमले के बाद मुठभेड़ में 3 आतंकियों को भी मार गिराया गया था। आंध्र प्रदेश में कार साइन बोर्ड से टकराई, 3 की मौत, एक की हालत गंभीर आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के वीरवल्ली टोल प्लाजा के पास बुधवार को सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार साइन बोर्ड से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण तेज गति बताया जा रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेलंगाना में हाउसकीपिंग स्टाफ ने किया 2.65 करोड़ का घोटाला:दो बैंक मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार तेलंगाना के नलगोंडा जिले में सरकारी बैंक की एक शाखा से 2.65 करोड़ रुपए की हेराफेरी केस में दो बैंक मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी बैंक में कॉन्ट्रैक्ट पर हाउसकीपिंग स्टाफ के तौर पर काम करता था। उसने दो बैंक मैनेजर और अन्य लोगों के साथ मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया। आरोपियों ने बैंक के डॉर्मेंट लेकिन एक्टिव बैलेंस वाले खातों से पैसे ट्रांसफर किए। इसके लिए उन्होंने नॉन-ब्रांच ऑनलाइन KYC अपडेट सिस्टम की खामी का फायदा उठाया। नलगोंडा के एसपी शरत चंद्र पवार के मुताबिक, चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके साथियों के खातों में ट्रांसफर किए गए 2.42 करोड़ रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। दिल्ली ब्लास्ट केस में कोर्ट ने NIA को 45 दिन की अतिरिक्त मोहलत दी दिल्ली ब्लास्ट मामले में जांच पूरी करने के लिए कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को 45 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। NIA ने कोर्ट से कहा था कि मामले की जांच अभी जारी है और इसे पूरा करने के लिए और समय की जरूरत है। इसके बाद कोर्ट ने एजेंसी को 45 दिन की और मोहलत दे दी। हालांकि यह साफ नहीं है कि जांच में देरी की मुख्य वजह क्या है और अब तक कितने लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल, एजेंसी को दिए गए अतिरिक्त समय के दौरान जांच को पूरा करने और केस से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने की जिम्मेदारी होगी। फर्जी वीडियो केस में लेखिका मधु किश्वर को चंडीगढ़ पुलिस ने थमाया नोटिस चंडीगढ़ पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली पहुंचकर लेखिका मधु किश्वर को थाने में पेश होने का नोटिस दिया। यह नोटिस सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक वीडियो शेयर करने को लेकर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन पर भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने का आरोप है। एक ट्रैवल ब्लॉगर के वीडियो में अश्लील टेक्स्ट जोड़कर उसे गलत पहचान के साथ वायरल किया गया था, जिसे किश्वर ने रिट्वीट किया। किश्वर ने कहा कि पुलिस टीम देर रात आई थी।