दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को गूगल और एप्पल को मोबाइल ऐप पर अश्लील कंटेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने कहा कि एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद नहीं होने दे सकते। कोर्ट ने कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों को शिकायत मिलने पर ही नहीं, बल्कि कंटेंट अपलोड होते वक्त भी उसे रोकना होगा। साथ ही केंद्र की CERT-In टीम को भी ऐसे कंटेंट पर नजर रखने को कहा गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में CBI ने दूसरी बार किया घटनास्थल का दौरा पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में CBI ने बुधवार को उत्तर परगना जिले में घटनास्थल का दोबारा दौरा किया। जांच अपने हाथ में लेने के बाद एजेंसी की यह दूसरी विजिट थी। CBI की टीम एडवांस 3डी स्कैनर के साथ मौके पर पहुंची और कई घंटों तक घटनास्थल की जांच की। एजेंसी डिजीटल मैप तैयार कर हत्या से पहले की घटनाओं को समझने की कोशिश कर रही है। राज्य सरकार के अनुरोध पर CBI ने सोमवार को इस मामले की जांच शुरू की थी और सात सदस्यीय SIT का गठन किया गया। UCC को असम कैबिनेट की मंजूरी; 26 मई को विधानसभा में पेश होगा बिल असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि राज्य कैबिनेट ने समान नागरिक संहिता (UCC) को मंजूरी दे दी है। 26 मई को विधानसभा में बिल लाया जाएगा। इससे पहले उत्तराखंड, गोवा और गुजरात में भी UCC से जुड़े कानून बने हैं। सीएम ने कहा कि इसके जरिए राज्य की विभिन्न समुदायों की परंपराओं और आवश्यकताओं के बीच एक संतुलन बनाना है। ATS ने महाराष्ट्र में 40 ठिकानों पर छापेमारी की, 53 लोगों से पूछताछ की जा रही ATS (एंटी-टेररिज्म स्क्वाड) ने बुधवार को मुंबई समेत राज्य के 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाले लोगों के खिलाफ की गई। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 53 लोगों से पूछताछ की जा रही है। ATS के अनुसार, शाहजाद भट्टी विदेश से अपना गिरोह चला रहा था। सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसा रहा था। दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे के अभियान के दौरान शाहजाद भट्टी से जुड़े 9 ऑपरेटिव समेत 482 कथित गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को उत्तर भारत और दिल्ली-NCR में सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग करने और हथियारों की तस्करी जैसे काम सौंपे गए थे। CBI ने 7.48 करोड़ रुपए चिटफंड घोटाले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने त्रिपुरा से जुड़े दो चिटफंड घोटाला मामलों में फरार चल रहे आरोपी संजीत चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 12 मई को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पकड़ा गया। जांच एजेंसी ने बताया कि पहले मामले में आरोपी और उसके साथियों पर करीब 7.48 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। वहीं दूसरे मामले में लगभग 27.13 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया। CBI के अनुसार, संजीत चक्रवर्ती 2013 में मामला दर्ज होने के बाद से फरार था। CBI ने दोनों मामलों में अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें संजीत चक्रवर्ती को फरार था। नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले 2027 का आधिकारिक लोगो जारी महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले 2027 का आधिकारिक लोगो जारी किया। इस लोगो का चयन देशभर में आयोजित प्रतियोगिता के जरिए किया गया। प्रतियोगिता में भारत और विदेशों से कुल 3,067 डिजाइन भेजे गए थे। सुमित काटे ने पहला स्थान हासिल कर 3 लाख रुपए का पुरस्कार जीता। वहीं मयंक नायक और पीयूष पिंपलनेरकर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 2 लाख और 1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया। लोगो में भगवान शिव का त्रिशूल, त्र्यंबकेश्वर मंदिर, कालाराम मंदिर का आर्च और गोदावरी नदी को दर्शाया गया है। कुंभ मेला 31 अक्टूबर 2026 से 24 जुलाई 2028 तक चलेगा। सोनिया गांधी रूटीन चेकअप के लिए मेदांता हॉस्पिटल पहुंचीं, जांच के बाद लौटीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को रूटीन चेकअप के लिए गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल पहुंचीं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि जांच के बाद वह घर लौट आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी को मंगलवार रात करीब 10:30 बजे मेदांता इंस्टीट्यूट ऑफ डाइजेस्टिव एंड हेपेटोबिलियरी साइंसेज में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अस्पताल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इससे पहले 24 मार्च को बुखार और संक्रमण के कारण उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां वह 7 दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रहीं। महाराष्ट्र के बारामती में ट्रेनी विमान क्रैश, खेत में इमरजेंसी लैंडिंग; पायलट सुरक्षित महाराष्ट्र के बारामती में एयरपोर्ट के पास टू सीटर ट्रेनी एयरक्राफ्ट बुधवार सुबह क्रैश हो गया। प्लेन में खराबी आने के बाद उसकी खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना में एयरक्राफ्ट सवार पायलट के सुरक्षित होने की बात कही जा रही है। सुवेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में CBI की FIR, हत्या के पीछे साजिश और संगठित अपराध का एंगल पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी इस हत्या को सुनियोजित साजिश और संगठित अपराध के एंगल से जांच रही है। CBI ने चंद्रनाथ रथ के भाई की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की है। शिकायत के मुताबिक, कई लोगों ने पेशेवर तरीके से साजिश रचकर हत्या को अंजाम दिया है। CBI और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम मंगलवार को उत्तर 24 परगना के मध्यग्राम स्थित घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल की जांच की। बंगाल चुनाव नतीजों के दो दिन बाद, 6 मई को नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में 42 साल के चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर ने उनकी कार रोककर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। नासिक के अशोक खरात केस में NCP नेता रुपाली चाकणकर को ED का समन प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने NCP (अजित पवार गुट) नेता रुपाली चाकणकर को अशोक खरात उर्फ ‘भोंदू बाबा’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन भेजा है। एजेंसी ने उन्हें इसी हफ्ते पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। इससे पहले ED रुपाली चाकणकर की बहन से भी पूछताछ कर चुकी है। यह मामला महाराष्ट्र के नासिक में दर्ज उस केस से जुड़ा है, जिसमें अशोक खरात पर धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर महिलाओं का यौन शोषण, उगाही और ठगी के आरोप हैं। ED मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जांच कर रही है। एजेंसी के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि अशोक खरात ने नासिक की दो कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी में दूसरे लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए, लेकिन उनका कंट्रोल खुद रखा। वह आम चीजों को 'चमत्कारी' बताकर बेचता था, लोगों से बड़ी रकम वसूलता था। विदेश से सोना-चांदी मंगाना महंगा, सरकार ने ड्यूटी बढ़ाई केंद्र सरकार ने सोना-चांदी समेत कुछ कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार रात नई दरें लागू कर दी। सोने-चांदी से जुड़े कुछ आयातित सामानों पर कस्टम ड्यूटी 4.35% से बढ़ाकर 10%, आभूषण बनाने में इस्तेमाल होने वाले छोटे हिस्सों (फाइंडिंग्स) पर 5% आयात शुल्क लगेगा। इस फैसले से विदेश से सोना-चांदी और ज्वेलरी से जुड़ा कच्चा माल मंगाना महंगा हो सकता है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज में 145 साल में पहली महिला प्रिंसिपल सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला को प्रिंसिपल नियुक्त किया है। कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल ने प्रो. सुसान एलियास को संस्थान के 14वें प्रिंसिपल के रूप में चुना है। वे 1 जून को कार्यभार ग्रहण करेंगी। वे मार्च 2016 से प्रिंसिपल के पद पर काबिज प्रो. जॉन वर्गीज की जगह लेंगी। साल 1881 में स्थापित इस संस्थान में अब तक 13 पुरुष प्रिंसिपल रह चुके हैं।