बूंदी जिले में केशोरायपाटन उपखंड क्षेत्र के रोटेदा स्थित राजफेड खरीद केंद्र पर जिंस की अधिक तुलाई की शिकायत मिलने के बाद सहकारिता विभाग ने कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर खरीद केंद्र प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप रजिस्ट्रार मुकेश मोहन गर्ग और केशोरायपाटन एसडीएम खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की मौजूदगी में जिंस की दोबारा तुलाई करवाई, जिसमें एक बैग में 1 किलो 400 ग्राम तौल अधिक पाया गया। नोटिस जारी करने की चल रही प्रक्रिया अनियमितता सामने आने के बाद बिना देरी किए केंद्र प्रभारी को हटाकर एक नए प्रभारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। गड़बड़ी में शामिल ठेकेदार के प्रतिनिधि और उसकी लेबर को भी खरीद केंद्र से तुरंत बाहर कर दिया गया। ठेकेदार और खरीद केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। भविष्य में किसानों के साथ किसी भी तरह की अनियमितता नहीं हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी खरीद केंद्रों पर कांटों का होगा भौतिक सत्यापन खरीद केंद्र पर तुरंत नए कांटे मंगवाए गए और उपखंड अधिकारी व किसानों की मौजूदगी में उनका भौतिक सत्यापन करवाया गया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी 27 खरीद केंद्रों पर लगे कांटों का दोबारा भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। मार्केटिंग और सहकारिता विभाग अब इन सभी केंद्रों का नियमित और सघन पर्यवेक्षण करेगा ताकि किसानों को कोई नुकसान नहीं उठाना पड़े।