बूंदी जिला कांग्रेस कमेटी की 'संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ' जिला स्तरीय कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महावीर मीणा ने की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और बूंदी जिले के प्रभारी विजेंद्र सिंह सिद्धू ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता के मद में भाजपा सरकार भारत के संविधान और लोकतंत्र पर लगातार हमले कर रही है। उन्होंने बूंदी जिले में ग्रास रूट स्तर पर सक्रियता के साथ संगठन की संरचना तैयार करने की बात कही। जिला सह प्रभारी पीसीसी सचिव वीरेंद्र सिंह झाला ने 'संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ' अभियान की जानकारी दी। 'कांग्रेस देगी मुंहतोड़ जवाब' जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर किए जा रहे हमलों का कांग्रेस मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने बूंदी जिले के सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मीणा ने बताया कि आगामी समय में पीसीसी के निर्देशानुसार बूंदी जिले में प्रत्येक पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की कार्यकारिणी गठित की जाएगी। कोटा-बूंदी लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे प्रहलाद गुंजल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियों के विरुद्ध संघर्ष करने का आह्वान किया। गुंजल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे देश में अपनी तानाशाही से लोकसभा और विधानसभा सीटों का परिसीमन करने का बिल लोकसभा में पास करवाना चाह रही थी, जो औंधे मुंह गिर गया। बदले की भावना से कम कर रही सरकार' बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि जमीनी स्तर तक संगठन का गठन कांग्रेस पार्टी को मजबूत करेगा और लोकतंत्र पर जो भाजपा सरकार हमले कर रही है उसके विरोध में एक संगठित और मजबूत टीम तैयार होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी ने कहा कि केंद्र सरकार व राज्य सरकार हम जनता के अधिकारो पर डाका डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान एक ऐतिहासिक पहल है।