बूंदी के करवर कस्बे में सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान की भूमि के सीमाज्ञान और अतिक्रमण हटाने की मांग जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों ने एक महीने पहले इस संबंध में ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उनमें आक्रोश है। मंगलवार को करवर स्थित उप तहसील कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने तहसीलदार के नाम नायब तहसीलदार कैलाश मीणा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की। आंदोलन की दी चेतावनी ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। इसके बाद राजस्व विभाग ने सीमाज्ञान कर अतिक्रमण हटाने के लिए एक टीम का गठन किया है। विभाग ने इस कार्य के लिए 15 मई की तारीख निर्धारित की है। इसके लिए अधिकारियों, संबंधित एजेंसियों, पुलिस जाप्ते और आवश्यक संसाधनों की मांग की गई है। इस दौरान नैनवा उपप्रधान मोहनलाल नागर, नगर इकाई अध्यक्ष रामप्रसाद शर्मा, रफीक मुगल, गजेंद्र सिंह सोलंकी, एडवोकेट मुकेश नागर, वार्डपंच सुभान अंसारी, हेमंत नोगिया, महावीर शर्मा, जाहिद सहित कई लोग मौजूद रहे। कंटेंट- आरेन रशीद, करवर।