बूंदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक आरोपी को स्मैक के साथ पकड़ा है। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान चल रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत और वृताधिकारी अनिल जोशी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना स्तर पर एक टीम बनाई गई थी। थाना कोतवाली पुलिस टीम ने जुगल किशोर तंवर उर्फ बंटी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से 3 ग्राम 20 मिलीग्राम अवैध स्मैक जब्त की। पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को थानाधिकारी रमेश आर्य के नेतृत्व में उप निरीक्षक देशराज सिंह की टीम ने चेकिंग के दौरान जुगल किशोर तंवर उर्फ बंटी (44 साल, निवासी कागदी देवरा बूंदी) को रोका। तलाशी में उसके पास से स्मैक मिली। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा नंबर 361/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे स्मैक खरीदने और बेचने वालों के बारे में पूछताछ कर रही है।