बूंदी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना पुलिस ने गांधीग्राम रोड से एक युवक को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सदर थाना पुलिस गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि गांधीग्राम रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत और वृत्ताधिकारी अनिल जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हुलिए के व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एएसआई जितेंद्र सिंह ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभजोत सिंह (23) पुत्र गुरमीत सिंह निवासी कंवरपुरा, तहसील बूंदी, थाना सदर, जिला बूंदी के रूप में हुई है। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि कोटा रेंज महानिरीक्षक पुलिस के आदेशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गोपनीय सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई है। आरोपी से पूछताछ जारी है।