मोही | कस्बे के पीएमश्री राजकीय नंदलाल जोशी उमावि के खेल मैदान में ग्राम पंचायत और मार्बल एंड ग्रेनाइट विकास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दशहरा मेला लगा। रात करीब 9 बजे आतिशबाजी के बीच 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतला धू-धू कर जलते ही मैदान जयकारों से गूंज उठा। मेले में मोही सहित एमडी, राज्यावास, भाटोली और पीपली आचार्यान से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। वीडीओ निधि आचार्य ने बताया कि शाम 5 बजे नरसिंह द्वार आश्रम से भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की शोभायात्रा निकली। बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होकर मेला स्थल पहुंची। जगह-जगह स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। मेले में खान-पान, खिलौनों और मनोरंजन की दुकानों पर भीड़ रही। पकौड़ों की दुकानों पर विशेष रौनक दिखी। राम दरबार की पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन के बाद रावण दहन हुआ।