भुसावर थाना क्षेत्र में अवैध वसूली को लेकर एक ट्रक चालक के अपहरण कर उसके साथ मारपीट घटना सामने आई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 21 अप्रैल की रात करीब 3 से 4 बजे कोटकी निवासी मुकट अपने 12 पहिया हाईवा से पत्थर खाली करने मालपुर स्थित महावीर स्टोन क्रेशर गया था। जब वह गाड़ी खाली कर लॉक लगा रहा था, तभी सफेद बोलेरो में सवार होकर 6-7 युवक वहां पहुंचे। पीड़ित के अनुसार हमलावरों की पहचान डिप्टी मीणा निठार पुत्र निठार, राजा उर्फ राजाराम, धारा, मनकेश मीणा और 2-3 अन्य के रूप में हुई है। ये लोग अवैध हथियारों से लैस थे। उन्होंने मुकट से अवैध वसूली की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जबरन बोलेरो में डालकर सिद्ध बाबा की पहाड़ियों के जंगल की ओर ले गए। वहां भी आरोपियों ने मुकट को पीटा और माचिस की तीलियों से जलाकर गंभीर शारीरिक यातनाएं दीं। आरोपियों ने पीड़ित से 58 हजार नकद और मोबाइल छीन लिया। हथियार का भय दिखाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उन्होंने 25 लाख रुपए की अवैध मांग की और मुकट को अधमरी हालत में पहाड़ियों के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद एक अज्ञात नंबर से पीड़ित के चचेरे भाई को फोन आया कि मुकट पहाड़ियों के पास डरा-सहमा पड़ा है। सूचना मिलने पर भुसावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुकट को बरामद किया। उसके शरीर पर गहरे नीले निशान और जानलेवा हमले के गंभीर सबूत मिले। पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित कुछ वीडियो स्टोन क्रेशर के सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 58 हजार रुपए नकद और मोबाइल से अपने खाते में ट्रांसफर किए पैसे सड़क किनारे घायल मिला ट्रक चालक मालपुरा निवासी राकेश ने बताया कि वे सुबह करीब 8 बजे खेतों में घूमने गए थे। तभी उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देखा। राकेश ने तुरंत उसे पानी पिलाया और उसकी हालत जानने की कोशिश की। पीड़ित ने अपने परिवार के किसी सदस्य का नंबर बताया, जिस पर राकेश ने फोन कर घटना की जानकारी दी। पहाड़ियों में ड्राइवर को पटककर भागे बदमाश राहगीरों ने जब मुकुट को देखा तो, उसके घर पर फोन कर घटना के बारे में बताया। जिसके बाद मुकुट को उसके परिजन घर लेकर आये और, पुलिस को घटना की सूचना की गई। पुलिस ने मुकुट से पूरी घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पीड़ित ने बताया बोलेरो गाड़ी में 7 लोग सवार थे। वे पैसे की डिमांड करने लगे। सभी के पास हथियार थे। जब पैसे देने से उसने मना किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भास्कर इनसाइड- ट्रक गाड़ी से मामूली टच होने पर शुरू हुआ विवाद अपहरण में बदल गया पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बोलेरो से आगे चल रहे थे और उनके पीछे डंपर भी था। साइड लेने के दौरान बोलेरो से हल्का टच होने पर डंपर चालक गाड़ी आगे बढ़ा ले गया। इसी बात पर बोलेरो सवार युवक नुकसान की भरपाई के लिए डंपर का पीछा करने लगे। पीछा करते हुए उन्होंने चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे जबरन बोलेरो में डालकर अपहरण कर ले गए। इस तरह मामूली टच से शुरू हुआ विवाद अवैध वसूली और अपहरण की वारदात में बदल गया। सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के परचा बयान लिए और जिस मोबाइल में पैसे ट्रांसफर किए गए उसकी भी तलाश शुरू की है।