श्रीगंगानगर. सहकार सप्ताह के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने समितियों को सशक्त बनाने और गबन रोकने के लिए सभी समितियों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, सरस ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। बैठक में भूमिहीन समितियों को भूमि आवंटन व पैक्स कंप्यूट राइजेशन पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि ऋणी किसानों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट हो, ताकि ऋण चुकाए बिना वे अपनी जमीन न बेच सकें। बैठक में बैंक एमडी संजय गर्ग, उप रजिस्ट्रार दीपक कुक्कड़ सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।