दौसा | जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। कार्यालय के हॉल में काम के दौरान अचानक छत का पंखा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कनिष्ठ सहायक लोकेश पोषवाल घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। हादसे के समय हॉल में प्रवर्तन अधिकारी सूरज बाई मीणा और सूचना सहायक प्रमोद जांगिड़ सहित करीब 8-9 कार्मिक मौजूद थे। गनीमत रही कि पंखा सीधे किसी के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा गंभीर चोट आ सकती थी। डीएसओ के.के. गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद तुरंत पीडब्ल्यूडी विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुँचे इलेक्ट्रिशियन ने कार्यालय के सभी पंखों और विद्युत उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। खराब उपकरणों की जल्द मरम्मत कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।