शहर में बढ़ती गर्मी के साथ ही नाइट टूरिज्म को देखते हुए केडीए ने चम्बल रिवर फ्रंट पर घूमने आने वालों के लिए समय एक घंटा बढाया है। अब रात 11 बजे तक का समय कर दिया गया है। रिवर फ्रंट पर पहले जहां सुबह 9 से रात 9 बजे तक टिकट मिलने का समय था। जिससे लोग वहां रात करीब दस बजे तक घूम सकते थे। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब एक घंटे का समय बढ़ाया गया है। केडीए अधिकारियों का कहना है कि दिन के समय गर्मी अधिक होने पर दोपहर बाद तक तो लोग ही नहीं पहुंच रहे हैं। अधिकतर लोग शाम को ही आ रहे हैं। इसे देखते हुए अब सुबह दस से रात दस बजे तक टिकट बिक्री का समय रखा गया है। वहीं लोग रात 11 बजे तक वहां घूम सकेंगे। घूमने के लिए एक घंटा समय बढ़ाने के साथ ही वहां होने वाले फाउंटेन व लेजर शो समेत अन्य कार्यक्रमों का समय भी एक घंटा आगे बढ़ा दिया है। रिवर फ्रंट चम्बल नदी के किनारे बना होने और रात के समय रोशनी से जगमग होने से उसका वैभव अलग ही नजर आता है। ऐसे में अधिकतर लोग गर्मी में शाम से रात के समय ही यहां अधिक आते हैं। जबकि सर्दी के दिनों में दोपहर में लोग अधिक आते हैं। रिवर फ्रंट पर सामान्य दिनों में रोजाना करीब 12 सौ से 15 सौ लोग पहुंच रहे हैं। जबकि वीकेंड पर शनिवार व रविवार को या अवकाश के दिनों में यह संख्या करीब दो हजार तक पहुंच जाती है। रिवर फ्रंट पर वेस्ट साइड की तुलना में ईस्ट साइड पर अधिक लोग पहुंच रहे हैं।