मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के देवरी स्थित ईको सेंटर में सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) की बैठक हुई। इसका मकसद चंबल क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना था। बैठक में धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान के साथ वन, खनिज व परिवहन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन में हुई कार्रवाई की समीक्षा की। कमेटी सदस्य सुनील लिमये की मौजूदगी में विभागवार प्रगति की जानकारी ली गई। चंबल नदी क्षेत्र की पर्यावरणीय अहमियत पर खास चर्चा हुई। घड़ियाल समेत जलीय जीवों के संरक्षण के लिए बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। कलेक्टर और एसपी ने प्रशासनिक व पुलिस स्तर पर सहयोग पर बात की। पर्यावरण व वन्यजीव सुरक्षा के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करने पर सहमति बनी।