मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से आया चीता KP2 एक बार फिर रणथंभौर पहुंच गया है। सोमवार शाम को यह सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र के श्याम वाटिका इलाके में पहुंचा, जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और जीनापुर इलाके के करीब है। जहां करीब 11 घंटे तक रहा, जिसके चलते यहां एक बारगी दहशत का माहौल बन गया था और जंगल क्षेत्र में एक बकरी का शिकार भी किया था। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 6 बजे यह वापस जंगल में चला गया। फिलहाल इसका मूवमेंट रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर 8 में बना हुआ है और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ ने बताया कि वन क्षेत्र में पहले से मौजूद लेपर्ड और टाइगर के कारण चीते के लिए खतरा बना हुआ है। पहले जोन 9 में, अब जोन 8 में मूवमेंट रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि चीता KP2 पहले फलौदी रेंज के रास्ते रणथंभौर पहुंचा था। इसके बाद उसने जोन नंबर 9 का रुख किया और वहीं से सोमवार शाम कोश्याम वाटिका इलाके में पहुंचा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत की स्थिति बनी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी गई। पूरी रात टीम ने चीते की गतिविधियों पर नजर रखी। सुबह होते ही यह वापस जंगल में गया और अब इसका मूवमेंट जोन नंबर 8 में बना हुआ है। जोन 8 में पहले से मौजूद हैं टाइग्रेस रणथंभौर टाइगर रिजर्व का जोन 8 (बाला) पार्क के सबसे सुंदर और कम भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक है। यह कुंडल द्वार से जुड़ा है और इसमें बालास, जमोदा, और चिड़ीखो जैसे इलाके शामिल हैं। यह जोन अपनी पथरीली पहाड़ियों, झीलों और शांत प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। जोन 8 में पहले से टाइग्रेस टी-108, टी-2310 और टी-2403 की टेरिटरी है। ऐसे में इस इलाके में बड़े वन्यजीवों की मौजूदगी बनी हुई है। 24 घंटे मॉनिटरिंग में लगी तीन टीमें रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि चीते की निगरानी के लिए वन विभाग की तीन टीमें 24 घंटे तैनात हैं। कूनो नेशनल पार्क की टीम के साथ भी लगातार जानकारी साझा की जा रही है, ताकि उसकी मूवमेंट पर नजर रखी जा सके। वन क्षेत्र में पहले से मौजूद लेपर्ड और टाइगर के कारण चीते के लिए खतरा बना हुआ है। इसी कारण उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। ------------------------------------------------------------------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… सवाई माधोपुर के आबादी इलाके में पहुंचा कुनो का चीता: वन विभाग की टीम कर रही ट्रैकिंग, श्याम वाटिका क्षेत्र में दिखा मूवमेंट मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क का चीता KP-2 लंबा सफर तय कर रहा है। यह मध्य प्रदेश से चलकर रणथंभौर के जंगलों में पहुंचा, लेकिन अब सवाई माधोपुर के रिहायशी इलाकों का रुख कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें