चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग के पहले डिवीजन में अफीम तौल का काम जारी है। आज बुधवार को अफीम तौल का चौथा दिन था। विभाग ने चार दिनों में 1563 किसानों से 13 हजार किलो से ज्यादा अफीम खरीदी है और इसके बदले में 2 करोड़ 20 लाख 64 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। जिले में 29 मार्च से शुरू हुआ अफीम तौल का काम बुधवार को चौथे दिन भी लगातार जारी रहा। तौल केंद्र पर सुबह से ही किसानों का आना शुरू हो जाता है और दिनभर यह प्रक्रिया चलती रहती है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं, ताकि तौल में किसी तरह की परेशानी न हो। 73 गांवों के किसान शामिल, कुल 13 हजार 050 किलो अफीम जमा जिला अफीम अधिकारी बीएन मीणा ने बताया कि अब तक 73 गांवों के 1563 किसान अपनी अफीम जमा करवा चुके हैं। इन चार दिनों में कुल 13 हजार 050.230 किलो अफीम विभाग के पास आ चुकी है। तौल के दौरान अफीम की जांच भी की जाती है, ताकि सही गुणवत्ता का माल ही स्वीकार किया जाए। किसानों के खातों में किया जा रहा भुगतान तौल के साथ ही किसानों को हाथों हाथ भुगतान भी किया जा रहा है। अब तक 2 करोड़ 20 लाख 64 हजार रुपए की राशि किसानों को दी जा चुकी है। भुगतान सीधे किसानों के खातों में भेजा जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। नीमच फैक्ट्री भेजी जा रही अफीम, 1500 कंटेनर तैयार तौल के बाद अफीम को नीमच फैक्ट्री भेजने का काम भी लगातार किया जा रहा है। 29 मार्च से 31 मार्च तक 11 चालान काटे गए, जिनमें करीब 1100 कंटेनर भेजे जा चुके हैं। वहीं 1 अप्रैल को 4 और चालान बनाए गए हैं, जिनमें 400 कंटेनर ट्रकों में लोड कर दिए गए हैं। इन कंटेनरों को गुरुवार सुबह नीमच के लिए रवाना किया जाएगा। हर चालान में 100 कंटेनर होते हैं। कल से दूसरे और तीसरे डिवीजन में भी शुरू होगा तौल कार्य विभाग ने जानकारी दी है कि पहले डिवीजन के बाद अब दूसरे और तीसरे डिवीजन में भी अफीम तौल का काम गुरुवार से शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।