चित्तौड़गढ़ शहर के गांधी नगर क्षेत्र में मंगलवार को बिजली कनेक्शन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने अपना बिजली कनेक्शन काटे जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और अपनी बात सुने जाने की मांग की। जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे समझाया। इसके बाद बिजली विभाग की ओर से जरूरी प्रक्रिया पूरी कर कनेक्शन जारी करने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। बिजली विभाग के अफसरों ने बताया कि पूरा मामला बिजली चोरी के पुराने प्रकरण और करीब 66 हजार रुपए के जुर्माने से जुड़ा है। कनेक्शन कटने की बात कहकर टावर पर चढ़ा युवक
गांधी नगर क्षेत्र में जमनाशंकर तेली मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे अफसरों से जमनाशंकर ने कहा कि उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया है और उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसके कारण उन्हें परेशानी हो रही है। कई बार अधिकारियों तक बात पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसी कारण विरोध जताने के लिए टावर पर चढ़ने का फैसला किया। पुलिस और प्रशासन ने की समझाइश
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने जमनाशंकर से समझाइश का प्रयास किया, साथ ही भरोसा दिया कि उसकी समस्या को सुना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बिजली विभाग की ओर से कनेक्शन को लेकर प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद युवक नीचे उतर गया। अफसर बोले- बिजली चोरी का मामला था
बिजली विभाग के एईएन प्रमेंद्र सिंह ने बताया- यह मामला 15 सितंबर का है। राजकीय प्राथमिक स्कूल कच्ची बस्ती के प्रिंसिपल की ओर से शिकायत मिली थी कि स्कूल परिसर से लगी एक वाटिका में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। शिकायत पर विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच की। एईएन के अनुसार जांच में बिजली चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद मौके से केबल हटाकर जब्त की गई और विजिलेंस चेकिंग रिपोर्ट तैयार की गई। विभाग की ओर से संबंधित उपभोक्ता को जुर्माना जमा कराने के लिए नोटिस दिया गया था। एईएन ने बताया कि इस मामले में करीब 66 हजार रुपए का जुर्माना बनाया गया था। समय पर जुर्माना जमा नहीं होने पर विद्युत थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है और आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होनी थी। एईएन ने बताया- दूसरी बार चोरी का मामला, इसलिए कोर्ट में कार्रवाई
एईएन प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले भी बिजली चोरी का मामला सामने आया था। नियमों के अनुसार दूसरी बार चोरी पाए जाने पर मामला न्यायालय के माध्यम से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पूरी कार्रवाई नियमों के अनुसार की गई है। इसी प्रकरण में पुलिस की ओर से संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया गया था और नोटिस की जानकारी दी गई थी। शायद गिरफ्तारी से बचने के लिए ऐसा किया होगा। इसके बाद ही युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिली। एईएन ने बताया कि प्रशासन की मांग पर कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। डिमांड राशि जमा करने के बाद जारी हुआ कनेक्शन
मौके पर पहुंचे तहसीलदार बनवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेने पर सामने आया कि मामला विजिलेंस कार्रवाई और कोर्ट में चल रहे प्रकरण से जुड़ा हुआ है। इसके बाद युवक को समझाया गया कि नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने पर कनेक्शन दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कनेक्शन के लिए जरूरी डिमांड राशि जमा कराई गई और इसके बाद बिजली विभाग की ओर से कनेक्शन जारी कर दिया गया। कनेक्शन मिलने के बाद जमनाशंकर तेली टावर से सुरक्षित नीचे उतर आए। लेकिन मामला कोर्ट में चलेगा समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
टावर से युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भी धीरे-धीरे हट गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन की कोशिश रही कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जाए और मामले को बातचीत से सुलझाया जाए। इस मामले में युवक का कहना था कि उसका कनेक्शन गलत तरीके से काटा गया और उसकी सुनवाई नहीं हुई, जबकि बिजली विभाग ने इसे बिजली चोरी की कार्रवाई बताया। हालांकि समझाइश से मामला शांत हो गया।