चित्तौड़गढ़ जिले में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 57 एमएम बारिश भदेसर में हुई, जबकि चित्तौड़गढ़ शहर में सिर्फ 1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। भदेसर सबसे आगे, कई इलाकों में अच्छी बरसात बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो भदेसर पूरे जिले में सबसे आगे रहा। यहां 57 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा निंबाहेड़ा में 38 एमएम, भूपालसागर में 26 एमएम, डूंगला में 12 एमएम, बेगूं और बड़ीसादड़ी में 6-6 एमएम बारिश दर्ज की गई। अलग-अलग इलाकों में हुई इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों के लिए अच्छा माहौल बन रहा है। हालांकि चित्तौड़गढ़ शहर में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी से पूरी राहत नहीं मिल पाई। बांधों में भी बढ़ने लगी पानी की आवक जिले में हुई बारिश का असर अब बांधों में भी दिखाई देने लगा है। गंभीरी बांध क्षेत्र में 34 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि भूपालसागर बांध क्षेत्र में 25 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा वागन बांध क्षेत्र में 7 एमएम और बड़गांव बांध क्षेत्र में 2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से बांधों और जलाशयों में धीरे-धीरे पानी की आवक बढ़ रही है। अगर आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो जल संग्रहण की स्थिति और बेहतर हो सकती है। इसका फायदा खेती के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को भी मिलेगा। औसत बारिश का करीब एक चौथाई आंकड़ा पूरा, आगे भी बारिश की उम्मीद जिले में अब तक कुल 183.75 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पूरे मानसून की औसत बारिश का करीब 24.50 प्रतिशत है। हालांकि कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन चित्तौड़गढ़ शहर अभी भी जोरदार बारिश का इंतजार कर रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक जिले में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसी संभावना को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर समेत जिले के बाकी हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।