प्रेमिका से शादी करने के लिए बॉयफ्रेंड हत्यारा बन गया। प्रेमिका कहने पर उसके भाई का मर्डर कर दिया। इसके बाद दृश्यम मूवी देखकर हाथ-पैर तारों से बांधकर शव को कुएं फेंक दिया। तीन साल पुराने मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए आरोपी प्रेमी महावीर धोबी और उसके साथी महेंद्र धोबी को हत्या का दोषी माना और उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, मृतक की बहन तनीषा उर्फ तनु को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। ये था पूरा मामला … 5 दिसंबर 2022 को गंगरार के गढ़ बालाजी मंदिर के पीछे पहाड़ी की ढलान पर बने एक कुएं में एक व्यक्ति का शव मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव की हालत काफी खराब थी और उसका सिर धड़ से अलग था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन बाद में जांच के दौरान उसकी पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी महेंद्र राइका के रूप में हुई। पहचान उसके हाथ पर लिखे नाम और कपड़ों के आधार पर की गई। जांच में तीन आरोपी सामने आए पुलिस जांच के दौरान इस मामले में महावीर धोबी, महेंद्र धोबी और मृतक की बहन तनीषा उर्फ तनु के नाम सामने आए। सबूत मिलने के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में चालान पेश किया गया। मामले में मृतक के मामा शांतिलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 16 नवंबर से लापता था महेंद्र रिपोर्ट के अनुसार, शांतिलाल ने बताया कि उनकी बहन अपने बच्चों के साथ गंगरार के भाटखेड़ा गांव में रह रही थी। मृतक महेंद्र राइका ड्राइवरी करता था और अक्सर बाहर रहता था। 16 नवंबर 2022 को वह घर से निकला, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। फोन बंद हुआ, फिर नहीं मिला कोई सुराग घर से निकलने के बाद महेंद्र ने अपनी बहन तनु से फोन पर बात की थी, लेकिन अगले दिन से उसका फोन बंद आने लगा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में कुएं में शव मिलने से यह मामला हत्या का साबित हुआ। बहन सबूतों के अभाव में बरी तत्कालीन थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने पूरे मामले की जांच कर सबूत जुटाए और आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया। अब 5 पॉइंट में समझे पूरा घटनाक्रम … 1. राखी बांधकर बनाया ‘धर्म भाई’, घर में आसान हुआ आना-जाना SP राजन दुष्यंत के अनुसार, महेंद्र अपनी मां और दो बहनों के साथ भाटखेड़ा में मामा शांतिलाल के यहां रह रहा था। इसी दौरान गंगरार निवासी महावीर धोबी का घर आना-जाना बढ़ा और 3 साल पहले उसकी महेंद्र की बहन तनु से दोस्ती हो गई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। करीब 2 साल पहले तनु ने अपनी छोटी बहन से महावीर को राखी बंधवाकर ‘धर्म भाई’ बना लिया, ताकि घर में उसके आने-जाने पर किसी को शक न हो। 2. भाई को पता चला तो बढ़ा विवाद, शादी और पैसों को लेकर तनाव महेंद्र को दोनों के संबंधों की जानकारी मिलने पर उसने विरोध किया, जिससे घर में विवाद बढ़ गया। इसी बीच महेंद्र को यह भी पता चला कि तनु ने महावीर को 40 हजार रुपए उधार दिए हैं, जिन्हें वह वापस मांगने लगा। दूसरी ओर, तनु की सगाई उज्जैन में तय कर दी गई, जिसे वह नहीं चाहती थी। इन कारणों से तनाव और बढ़ गया। 3. ‘दृश्यम’ फिल्म से प्रेरित होकर बनाई हत्या की योजना तनु और महावीर ने मिलकर महेंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने फिल्म ‘दृश्यम’ देखकर हत्या की प्लानिंग की थी, ताकि पकड़े न जाएं। 4. लोकेशन शेयर कर बुलाया, फिर गांजा पिलाकर की हत्या 12 नवंबर को तनु और उसकी छोटी बहन कोटा गईं। 16 नवंबर को लौटते समय उन्होंने महेंद्र को गंगरार चौराहे पर बुलाया और उसकी लोकेशन महावीर को दे दी। महावीर उसे बाइक पर बैठाकर गंगरार किले के पास ले गया, जहां अपने साथियों के साथ पहले गांजा पिलाया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर तीनों ने मिलकर महेंद्र का गला दबाकर हत्या कर दी। 5. लाश कुएं में फेंकी, सबूत मिटाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपियों ने शव के हाथ-पैर तार से बांधकर किले के पीछे स्थित कुएं में डाल दिया। इस दौरान कुएं में लगे एंगल से टकराकर शव से सिर अलग हो गया था। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। — घटना से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें … बॉयफ्रेंड से शादी नहीं करवाई तो भाई का मर्डर करवाया:गला दबाकर कुएं में फेंका; गर्दन धड़ से हुई अलग, घरवालों को करती रही गुमराह बॉयफ्रेंड से शादी में भाई रोड़ा बना तो बहन ने उसकी हत्या करवा दी। हत्यारों ने युवक का पहले तो गला दबाया और फिर शव को कुएं में फेंक दिया। पूरी खबर पढ़िए दृश्यम फिल्म देखकर शव को कुएं में फेंका:बहन ने बॉयफ्रेंड से करवाई थी भाई की हत्या, मर्डर के बाद डर गए थे हत्यारे बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बहन की ओर से भाई की हत्या कराने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मर्डर के बाद हत्यारे एक बार डर गए थे। पूरी खबर पढ़िए