चित्तौड़गढ़ जिला जेल में बंद एनडीपीएस एक्ट का आरोपी तस्कर गोवर्धन जाट जमानत पर बाहर जाने के बाद तय समय पर वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। कपासन निवासी इस आरोपी ने बीमारी का हवाला देकर राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम बेल ली थी, लेकिन शर्तों का उल्लंघन करते हुए वह गायब हो गया। इसके बाद जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। बीमारी का बहाना बनाकर ली थी अंतरिम जमानत आरोपी गोवर्धन जाट ने अपनी बीमारी का कारण बताते हुए कोर्ट से अंतरिम बेल की मांग की थी। इस पर उसे 18 मार्च से 6 अप्रैल तक 30 दिन की जमानत दी गई थी। जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर चला गया, लेकिन उसे 5 अप्रैल की शाम 5 बजे तक वापस चित्तौड़गढ़ जिला जेल में उपस्थित होना था। तय समय और तारीख के बावजूद वह जेल नहीं पहुंचा, जिससे यह साफ हो गया कि उसने नियमों का उल्लंघन किया है और फरार हो गया है। पहले से एनडीपीएस मामले में था बंद आरोपी गोवर्धन जाट के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जो अभी कोर्ट में विचाराधीन है। उसे साल 2025 में निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करते हुए पकड़ा था। इसके बाद से ही वह न्यायिक हिरासत में चित्तौड़गढ़ जिला जेल में बंद था। जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज आरोपी के फरार होने के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। जेल प्रहरी वेद राम पुत्र शोभाराम चौधरी ने थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी को तय समय पर जेल में उपस्थित होना था, लेकिन वह नहीं आया और फरार हो गया। अब जांच एएसआई अर्जुन लाल गुर्जर को सौंपी गई है।