चित्तौड़गढ़ में मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को जिले में तेज हवा, मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के संकेत भी दिखने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दिन का तापमान भी करीब एक डिग्री कम हुआ। लगातार कई दिनों से गर्मी और उमस के बाद मंगलवार देर रात और बुधवार सुबह हल्की ठंडक रही, जिससे राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्णब का असर राजस्थान तक पहुंच रहा है। इसी के चलते चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के इलाकों में अगले दो दिन मौसम बदला हुआ रह सकता है। रात का तापमान गिरा, गर्मी से मिली राहत मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री और अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से दोपहर में तेज धूप और हल्की गर्मी बनी हुई थी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इन दो दिनों में जिले के कई इलाकों में बादल छा सकते हैं और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवा चलने, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खुली जगहों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी गई है।