चित्तौड़गढ़ के भदेसर इलाके के भीलगट्टी गांव के एक कुएं से सड़ी-गली हालत में एक युवक की लाश मिली है। शव करीब एक से डेढ़ महीने पुराना है, जो लंबे समय तक पानी में पड़े रहने के कारण पूरी तरह गल चुका था। शव की हालत इतनी खराब थी कि मौके पर उसकी पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका। पुलिस ने शव जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया। वीडियो से पता चला कुंए में पड़ी लाश थानाधिकारी मेनारिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर सोमवार को एक वीडियो आया था। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो कुंए में सच में लाश तैर रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही वीडियो में बताए गए नामों और तथ्यों की जांच कर रही है। वीडियो में युवक कह रहा पप्पू को मार दिया थाना अधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि वीडियो में कुछ युवकों ने शक होने पर चांदमल को पकड़ रखा है। चांदमल वीडियो में कह रहा है कि उसने पप्पू भील को मार कर उसे कुएं में फेंक दिया है। वीडियो में हत्या करने का कारण साफ नहीं है। हमने चांदमल के मोबाइल को एविडेंस के तौर पर जब्त कर लिया है। हमारे पास दूसरा कोई भी सबूत नहीं है। सिर्फ एक यही सबूत है। इसको लेकर हम ट्रांसक्रिप्ट करेंगे। 32 साल के व्यक्ति ने कहा मेरा भतीजा, पुष्टि नहीं इस बीच 32 साल के माधु लाल ने शव की पहचान अपने भतीजे लढेर गांव निवासी पप्पू भील के रूप में की। उन्होंने कपड़ों के आधार पर दावा किया कि शव उनके भतीजे पप्पू भील का हो सकता है। हालांकि शव की खराब हालत के कारण वे पक्के तौर पर पहचान नहीं कर सके। पुलिस ने शव की पुख्ता पहचान के लिए DNA सैंपल एफएसएल लैब भिजवाए हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के बाद ही मृतक की पहचान और मौत की असल वजह पता चलेगी। 6 महीनों से था लापता, मजदूरी करता था भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया के अनुसार, माधु लाल ने बताया कि उनका भतीजा पप्पू भील करी 25–26 साल का था। वह बीते 6-7 महीनों से लापता था। उसके परिवार में कोई नहीं है। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पत्नी मनमुटाव के चलते उसकी बेटी के साथ पीहर में रह रही है और बहनें शादी के बाद अपने-अपने ससुराल में हैं। पप्पू भील अकेला रहता था और मजदूरी व खलासी का काम करता था। वह काम की तलाश में अक्सर कई महीनों तक घर से बाहर रहता था। इसलिए उसकी गैरमौजूदगी पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कुएं से मिले शव के कपड़े पप्पू के कपड़ों से मलते हैं इसलिए हो सकता है कि लाश पप्पू की ही हो। रिपोर्ट पर हत्या का केस दर्ज मामले में काका माधु लाल ने पुलिस थाना भदेसर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने वायरल वीडियो में सामने आए कुछ लोगों पर उनके भतीजे की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। SHO ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि युवक पप्पू का कुछ लोगों के साथ पहले विवाद हुआ था, जिसे भी जांच में शामिल किया गया है। वहीं माधु लाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने भीलगट्‌टी के आंतरी गांव निवासी चांदमल उर्फ चंदू भील, कन्हैया लाल उर्फ किशन भील, पीपलवास निवासी दिनेश रावल और राजू भील के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।