जयपुर के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट चोखी ढाणी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 90 किलो काजू टुकड़ी सीज की है। टुकड़ी की पैकिंग पर मेकिंग और एक्सपायरी डेट नहीं थी। वहीं खाद्य तेल, मावे के सैंपल भी लिए। विभाग को 181 पोर्टल पर शिकायत मिली थी। इसके बाद मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा और औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया- चोखी ढाणी में आलू फ्राई करने में इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड सोयाबीन तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) निर्धारित अधिकतम सीमा 25 प्रतिशत के मुकाबले 31 प्रतिशत मिला। डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा- यह खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित श्रेणी में आता है। इस पर तेल का नमूना जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्रवाई के PHOTOS काजू के पैंकिंग पर नहीं मिली मेकिंग और एक्सपायरी डेट डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया- निरीक्षण के दौरान टीम को सब्जियों में इस्तेमाल की जा रही काजू टुकड़ी की गुणवत्ता भी संदिग्ध मिली। इसकी पैकिंग पर न तो मेकिंग डेट लिखी थी और न ही एक्सपायरी डेट। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने मौके से करीब 90 किलो काजू टुकड़ी (9 डिब्बे) सीज की। इसके अलावा उपयोग में लिए जा रहे मावे के भी नमूने लिए गए। जांच में कमी मिली तो करेंगे कार्रवाई मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- निरीक्षण में कई अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां भी सामने आई हैं। सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य सामग्री मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पैकेजिंग और लेबलिंग में भ्रामक जानकारी देने के मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।