चूरू में एबीवीपी ने शनिवार को नारी-26 युवती सम्मेलन किया। इसमें सैंकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर बात हुई। मुख्य अतिथि कनिका राठौड़ ने कहा कि परिवार और समाज के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने शिक्षा के साथ आर्थिक और सामाजिक आत्मनिर्भरता के महत्व पर भी जोर दिया। स्नेहालता ने छात्राओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उमा सारस्वत ने युवतियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। रमा शेखावत ने बताया कि विकसित भारत में महिलाओं की बराबर भागीदारी जरूरी है। पूजा भांबू ने महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत समाज की नींव बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा युवतियों को अवसर पहचानने और अपने निर्णय खुद लेने की क्षमता देती है। सम्मेलन का संचालन कीर्ति शर्मा ने किया। इसमें मोनिका राठौड़, भावना शर्मा समेत कई छात्राएं मौजूद थीं।