चूरू के वार्ड 50 निवासी एक युवती से साइबर ठग ने उसके भाई के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर 10 हजार रुपए ठग लिए। अकाउंट पर भाई की फोटो देखकर युवती को मैसेज उसी की ओर से भेजा गया लगा। मैसेज में 10 हजार रुपए की मदद मांगी गई थी। भरोसा करके युवती ने ठग की ओर से दिए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में उसे ठगी का पता चला। मामले को देखते हुए कोतवाली पुलिस की साइबर सेल ने लोगों से सोशल मीडिया पर पैसों से जुड़े अनुरोधों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। फोटो देखकर किया भरोसा, खाते में भेजे रुपए कोतवाली पुलिस के अनुसार, युवती को इंस्टाग्राम पर उसके रिश्ते में भाई के नाम से बनाए गए अकाउंट से मैसेज आया था। अकाउंट पर भाई की फोटो लगी होने के कारण उसे संदेश भेजने वाले पर शक नहीं हुआ। मैसेज में 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद मांगी गई थी। युवती ने इसे अपने भाई का अनुरोध समझकर बताए गए खाते में रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में सामने आया कि अकाउंट फर्जी था और वह साइबर ठगी का शिकार हो गई। पैसे भेजने से पहले फोन पर करें पुष्टि कोतवाली पुलिस की साइबर सेल ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई परिचित या रिश्तेदार पैसों की मदद मांगे तो रकम भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात कर पुष्टि जरूर करें। केवल फोटो, नाम या मैसेज देखकर भरोसा न करें। ठग परिचितों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों को विश्वास में लेते हैं और फिर आर्थिक मदद के बहाने ठगी करते हैं। लोन, ट्रेडिंग और शॉपिंग के ऑफर से रहें सतर्क पुलिस ने अनजान लिंक और एप्लिकेशन के जरिए मिलने वाले लोन के ऑफर से बचने की सलाह दी है। साथ ही ट्रेडिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के लुभावने ऑफर के झांसे में नहीं आने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध लिंक या एप्लिकेशन पर भरोसा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें और जल्दबाजी में अपनी आर्थिक जानकारी साझा न करें। थोड़ी-सी सतर्कता साइबर ठगी से बचा सकती है।