चूरू में अप्रैल माह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को दोपहर ढाई बजे चूरू का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे से ही सूर्य की किरणें तेज थीं। दिन चढ़ने के साथ-साथ गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, शाम चार बजे के बाद आसमान में हल्के बादल छा गए। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडा पानी पी रहे हैं। गर्म हवाओं से बचने के लिए छाते और तौलिये का इस्तेमाल किया जा रहा है। आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शर्मा ने यह भी बताया कि राज्य के उत्तरी भागों में आज आंधी और बारिश के असर से तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी दिनों में तापमान में पुनः 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। बढ़ती गर्मी के कारण अस्पतालों में उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।