चूरू में नगर परिषद ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसकी शुरुआत सुभाष चौक से हुई। इसके बाद मुख्य बाजार, गढ़ और सब्जी मंडी इलाके में दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार नगर परिषद की टीम को देखकर अपना सामान हटाने लगे। नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि शहर में जगह-जगह अतिक्रमण से लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। दुकानों के आगे सामान रखने और सार्वजनिक जगहों पर कब्जा करने से रास्ते तंग हो जाते हैं। इससे बाजार आने वाले लोगों और वाहन ड्राइवरों को परेशानी होती है। इसी वजह से यह अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह के साथ आरओ सुरेश चौहान, एक्सईएन वेदपाल सिंह, एईएन सुनील सोनी, जेईएन कैलाश डूडी और एसआई मनोज शर्मा मौजूद थे। कोतवाली, रतननगर और दूधवाखारा थाने के पुलिसकर्मी भी टीम में शामिल रहे। नगर परिषद के सफाईकर्मी भी इस कार्रवाई में साथ थे।