चूरू नगर परिषद की पहली साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को सभापति विनय गोयनका की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर की सफाई, यातायात और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में आठ एजेंडों को सर्वसम्मति से पास किया गया। इनमें घर-घर कचरा संग्रहण के लिए 8 करोड़ 35 लाख रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति का प्रस्ताव मुख्य था। सभापति गोयनका ने बताया कि यह प्रस्ताव शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए है। आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि सदन ने सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चूरू चौपाटी पर पूर्व सभापति रमाकांत ओझा की प्रतिमा लगाने को भी मंजूरी दी। मुख्य बाजार में यातायात सुधारने के लिए सुभाष चौक से सफेद घंटाघर होते हुए गढ़ चौराहे तक और सब्जी मंडी क्षेत्र को नो-ट्रैफिक जोन बनाने का प्रस्ताव भी पास हुआ। परिषद के अनुपयोगी सामान और वाहनों की नीलामी का प्रस्ताव भी रखा गया। जनप्रतिनिधियों के आवास और गलियों के सामने नाम पट्टिकाएं लगाने पर भी विचार हुआ। बैठक में उपसभापति ओमप्रकाश इंदौरिया समेत कई पार्षद मौजूद थे।