चूरू जिले में पंचायत राज चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। नामांकन की आखिरी तारीख की शाम को भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। जिला परिषद के 39 वार्ड हैं। कांग्रेस ने 38 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वार्ड 36 में कांग्रेस ने महा गठबंधन के कामरेड निर्मल प्रजापत को समर्थन दिया है। विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया भी वार्ड 38 से चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने भी सभी 39 वार्डों के लिए अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी की। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ वार्ड 39 से और पुत्रवधू कनिका सिंह वार्ड 23 से चुनावी मैदान में हैं। सूची जारी होने के बाद अब दोनों पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव की सरकार बनाने की कोशिश में लग गए हैं।