चूरू में पंचायत राज चुनाव प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों ने मंगलवार को खाने-नाश्ते का बहिष्कार कर विरोध जताया। यह विरोध गोपालदास गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में लंबित मांगों को लेकर हुआ। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष रिछपालसिंह चारण ने बताया कि यह आंदोलन बकाया समर्पित उपार्जित अवकाश के भुगतान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी बकायों को जल्द निपटाने की मांग को लेकर है। कर्मचारियों का आरोप है कि अप्रैल में मिलने वाला समर्पित अवकाश का पैसा छह महीने बाद भी नहीं मिला। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि, राज्य बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी जैसे भुगतान में आठ-दस महीने की देरी से उन्हें आर्थिक दिक्कतें आ रही हैं। महासंघ के जिला महामंत्री फूले सिंह बुरड़क ने बताया कि मांगों के समर्थन में ही कर्मचारियों ने प्रशिक्षण के दौरान भोजन-नाश्ते का बहिष्कार किया। इस दौरान बाबू खां, प्रमोद कुमार शर्मा, निवास माली, हंसराज हुड्डा और अनिल कुमार लांबा समेत कई कर्मचारी मौजूद थे।