चूरू शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के चमन बास में पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा करने और पुलिस से उलझने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पुलिस ने शाहीद नामक युवक को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार टीम एक पुराने मामले में आरोपियों की तलाश में उनके घरों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस चमन बास निवासी मुख्य आरोपी जाहिद उर्फ धोनी काजी के घर पहुंची थी। वहां मौजूद जाहिद के बड़े भाई शाहिद काजी ने पुलिस को देखते ही जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और आसपास के लोगों को इकट्ठा करने लगा। पुलिस ने उसे शांत रहने और सहयोग करने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने बताया कि युवक पुलिस जीप के सामने खड़ा होकर लगातार हंगामा करता रहा। कई बार समझाने के बावजूद युवक बहस करता रहा और रास्ता नहीं छोड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक के व्यवहार से शांति भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका थी, जिसके चलते उसे बीएनएसएस की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे एसडीएम कोर्ट में पेश कर पाबंद करवाया गया।