चूरू शहर में हंगामा करने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को शांति भंग की आशंका में एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान हेड कॉन्स्टेबल सरिता को सूचना मिली कि कन्या कॉलेज के सामने एक व्यक्ति महिला के साथ गलत हरकतें कर रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को हरिकिशन ने शिकायत दी कि कुछ लोग शराब पीकर गाली-गलौज करते हैं। पुलिस बुलाने पर एक व्यक्ति चिल्लाने लगा और धमकियां देने लगा। समझाने पर भी नहीं मानने पर पुलिस ने रामगढ़ शेखावाटी निवासी मोहम्मद हकीम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वार्ड 46 के पार्षद प्रीत चांवरिया ने पुलिस को सूचना दी कि सागर वाल्मीकि घर पर झगड़ा कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को सागर भी गाली-गलौज करते हुए धमकियां देने लगा। समझाने पर नहीं मानने पर उसे भी शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है।