चूरू के सांडवा थाना क्षेत्र में सांडवा-पारेवड़ा सड़क मार्ग पर ट्रैक्टर और दो बाइकों की टक्कर में एक युवती सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को सांडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद तीन गंभीर घायलों को बीकानेर रेफर कर दिया गया। वहीं, युवती को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सड़क के दोनों ओर झाड़ियां होने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे हादसा हुआ। पहले एक बाइक ट्रैक्टर से टकराई, फिर दूसरी भिड़ी सांडवा थाना के एएसआई पप्पूराम मीणा ने बताया कि दो बाइक पारेवड़ा से सांडवा की ओर आ रही थीं, जबकि ट्रैक्टर सांडवा से पारेवड़ा जा रहा था। इसी दौरान पहले एक बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। इसके बाद पीछे आ रही दूसरी बाइक भी ट्रैक्टर से भिड़ गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। तीन घायलों की हालत गंभीर, बीकानेर रेफर हादसे में कृष्णकुमार (20), पवन कुमार (18), अर्जुनराम नायक (25) और सोनू नायक (19) घायल हुए। सभी को तत्काल सांडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर किया गया, जबकि सोनू नायक को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। सड़क किनारे झाड़ियों से हादसे का खतरा एएसआई पप्पूराम मीणा के अनुसार, सांडवा-पारेवड़ा मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है। इस मार्ग पर झाड़ियों के कारण दृश्यता कम होना हादसे की वजह बताया गया है।