किसान मसीहा चौधरी कुंभाराम आर्य की पुण्यतिथि पर सोमवार को चूरू स्थित कुंभाराम आर्य स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण और अन्य वक्ताओं ने कुंभाराम आर्य के किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष, जातिगत भेदभाव मिटाने तथा सामाजिक सुधार के कार्यों को याद किया। सभा की अध्यक्षता कुंभाराम आर्य किसान फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट चेतराम सहारण ने की। किसानों को शोषण से मुक्त कराने के प्रयासों को किया याद पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि चौधरी कुंभाराम आर्य ने जातिगत भेदभाव मिटाने और किसान वर्ग को शोषण से मुक्त कराने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने किसानों के हितों के लिए उनके संघर्ष को याद किया। किसानों को जमीन का हक दिलाने में निभाई भूमिका विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि कुंभाराम आर्य ने राजस्थान में किसानों को जमीन का हक दिलाने के लिए काम किया। उन्होंने जाति की राजनीति से ऊपर उठकर किसान वर्ग के मुद्दों को प्रमुखता दी और उनके अधिकारों की आवाज उठाई। जागीरदारी प्रथा के विरोध और सामाजिक सुधार पर चर्चा महेन्द्र न्योल ने जागीरदारी प्रथा के विरोध और किसान हितों के लिए कुंभाराम आर्य के संघर्ष को याद किया। वहीं नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने शिक्षा, महिला जागृति और सामाजिक सौहार्द के क्षेत्र में उनके योगदान का उल्लेख किया। कई लोग रहे मौजूद श्रद्धांजलि सभा में राकेश बेनिवाल, विजेन्द्र सिहाग, भागीरथ पूनिया, प्रताप कस्वां, दयानंद श्योराण सहित कई लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कुंभाराम आर्य के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।