मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे बांसवाड़ा के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के पास एक बंद कमरे में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। फिर वे हेलीपैड पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों से वन टू वन बातचीत की। पंचायतीराज चुनाव को लेकर लिया फीडबैक हेलीपैड पर मुख्यमंत्री से वन टू वन संवाद के बाद बाहर निकले भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पंचायतीराज चुनाव को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान चुनाव से जुड़े मुद्दों पर पदाधिकारियों से बातचीत की गई। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी सुरक्षा के लिहाज से नजर रखी गई। इस दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष पुंजिलाल गायरी सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।