मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी के बंबोरी गांव पहुंचेंगे। यहां वे ग्रामीणों से संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ग्राम विकास चौपाल में भाग लेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर 3:30 बजे जयपुर से विशेष विमान द्वारा उदयपुर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर से शाम 4:45 बजे बंबोरी पहुंचेंगे, फिर कार से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के लिए पहुंचेंगे। महिलाओं, ग्रामीणों, किसानों, युवाओं से संवाद करेंगे कलेक्टर शुभम चौधरी ने बताया- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक बंबोरी के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में ग्राम विकास चौपाल में शामिल होंगे। ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, ग्रामीण किसानों और युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे ढाई घंटे के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और सरकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक लेंगे। रात के समय वे लोगों के घरों पर जाकर उनके रहन-सहन और आवास की जानकारी लेंगे। अगले दिन सुबह जाने से पहले मुख्यमंत्री किसानों के खेतों पर जाकर कृषि संबंधी जानकारी भी लेंगे। स्कूल परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद जिले में इस तरह का यह पहला कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और स्कूल परिसर में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंडया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूर्व मंत्री और निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी और जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत सहित जिले के अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।