सलूंबर जिले के पंचायत समिति सभागार में शनिवार को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन क्या गया। इस दौरान 342 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में राजस्थान के पचपदरा ग्रीनफील्ड रिफाइनरी के उद्घाटन और जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 के शिलान्यास का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने देखा। विभिन्न विभागों में चयनित 342 नवनियुक्त कार्मियों को सौंपे पत्र रोजगार उत्सव का नेतृत्व सलूंबर विधानसभा क्षेत्र की विधायक शांता अमृतलाल मीणा और जिला प्रशासन ने किया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित 342 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। विधायक शांता अमृतलाल मीणा, जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), माध्यमिक शिक्षा, सलूंबर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 9 विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र मिले। इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के सर्वाधिक 306 कार्मिक शामिल थे। इसके अतिरिक्त, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 21, अजमेर विद्युत वितरण निगम के 6, कृषि विभाग के 3, गृह विभाग (कांस्टेबल) के 2 तथा कॉलेज शिक्षा, सहकारिता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के एक-एक कार्मिक को भी नियुक्ति पत्र दिए गए। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया, एसीओ दिनेश चंद पाटीदार, जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।